गोरखपुर/ महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र चौकमाफी, पीपीगंज, गोरखपुर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह, गौरव और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसे केंद्र के प्रभारी एवं मुख्य अतिथि डॉ. एस. पी. सिंह तथा केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक व अध्यक्ष डॉ. आर. के. सिंह ने संयुक्त रूप से संपन्न कराया। इस अवसर पर राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिसमें सात दर्जन से अधिक महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि डॉ. एस. पी. सिंह ने अपने संबोधन में किसानों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है और इसमें किसानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक खेती, आधुनिक तकनीक और नवाचार के माध्यम से किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं और देश के आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती दे सकते हैं।

केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. आर. के. सिंह ने उपस्थित किसानों, कर्मचारियों और अतिथियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी तथा संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर न केवल अपनी आर्थिक स्थिति सुधारें बल्कि समाज और देश के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर गृह वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने ग्रामीण महिलाओं को घर से बाहर निकलकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार, पोषण, स्वच्छता और परिवार के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ही गांवों का समग्र विकास संभव है।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन केंद्र के उद्यान वैज्ञानिक डॉ. अजीत कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, किसानों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन किसानों में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ कृषि के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं।
इस गरिमामय आयोजन में केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ. संदीप प्रकाश उपाध्याय, पशुपालन वैज्ञानिक डॉ. विवेक प्रताप सिंह, सस्य वैज्ञानिक अवनीश कुमार सिंह, गौरव सिंह, शुभम पांडे, आशीष सिंह, जितेंद्र सिंह, प्रियंका सहित अनेक वैज्ञानिक व कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही किसान प्रतिनिधियों में लाला प्रसाद यादव, हरिश्चंद्र दूबे, छेदी प्रजापति, आदर्श त्रिपाठी, संदीप यादव सहित 100 से अधिक किसानों की सक्रिय भागीदारी रही।
पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, एकता और विकास का संदेश गूंजता रहा। किसानों ने संकल्प लिया कि वे वैज्ञानिक खेती को अपनाकर न केवल अपनी आय बढ़ाएंगे बल्कि देश के विकास में भी योगदान देंगे। इस प्रकार महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र पर मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस किसानों के लिए प्रेरणा और उत्साह का स्रोत बना।
