गोरखपुर जनपद के गगहा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा नेता राधामोहन सिंह को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। यह हमला रकहट और भैसहां गांव के बीच स्थित बंधे पर किया गया। गोली उनके पीठ में जा धंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल भाजपा नेता को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनका उपचार गोरखपुर जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, राधामोहन सिंह गगहा थाना क्षेत्र के भैसहा गांव के निवासी हैं और लीलावती सिंह स्मारक इंटरमीडिएट कॉलेज, भैसहा के प्रबंधक हैं। मंगलवार रात करीब 8:45 बजे वह रकहट और भैसहां गांव के बीच बंधे से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी।
बदमाशों की गोली सीधे उनके पीठ में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।
सूचना मिलते ही गगहा थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल नेता को अपनी गाड़ी से गगहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, गोली पीठ में फंसी हुई है और ऑपरेशन की आवश्यकता पड़ सकती है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर सीओ बांसगांव भी पहुंच गए हैं। गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही, घटना के पीछे की वजह जानने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
भाजपा नेता पर हुए इस हमले से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में आक्रोश फैल गया है। बड़ी संख्या में लोग गगहा अस्पताल और जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय भाजपा नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधियों पर इस तरह के हमले कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाते हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
घटना के बाद गगहा थाना क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
