गोरखपुर/ प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” अभियान के अंतर्गत मिशन शक्ति के पांचवें चरण में गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र में स्थित पीपीगंज रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के उद्देश्य से जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं में कमी लाना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।

पीपीगंज थाना पर तैनात महिला सिपाहियों द्वारा महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई और यह बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। महिला यात्रियों को समझाया गया कि वे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, हिंसा, उत्पीड़न या असहज स्थिति में चुप न रहें, बल्कि तुरंत शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान महिला सिपाही अनिशा यादव, कविता यादव तथा पुरुष कांस्टेबल गोविंद यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उन्होंने महिलाओं को पुलिस हेल्पलाइन 112, विमेन पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102 और फायर ब्रिगेड 101 की जानकारी दी। बताया गया कि इन सभी नंबरों पर दर्ज शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण किया जाता है।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और समाज में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से न केवल महिलाओं को जानकारी मिलती है, बल्कि वे स्वयं को अधिक सुरक्षित और सशक्त महसूस करती हैं।
पुलिस प्रशासन ने अपील की कि महिलाएं किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। मिशन शक्ति जैसे अभियानों से प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है और एक सुरक्षित, सम्मानजनक समाज की ओर कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
