उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दो युवकों को दो मोटरसाइकिलों ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दुर्घटना के बाद बाइक सवार चार युवकों ने घायल युवक का मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार होने का प्रयास किया। हालांकि इस दौरान एक मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गई। घायल युवकों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 जून 2026 को जरहद गांव निवासी राजवीर पुत्र राजेश एवं यशवीर पुत्र बृजेश पैदल कैथवलिया गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। दोनों युवक गांगपार के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने घायल राजवीर का मोबाइल फोन छीन लिया और भागने लगे। इसी दौरान घायल यशवीर ने साहस दिखाते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। अफरा-तफरी में एक मोटरसाइकिल, जिसका पंजीकरण नंबर UP53EN1819 है, मौके पर ही छूट गई, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल UP53F6198 से चारों युवक फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को पीपीगंज के एक निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने राजवीर की हालत गंभीर देखते हुए उसे तत्काल गोरखपुर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे वेदना हॉस्पिटल, स्पोर्ट्स कॉलेज रोड, गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना पर चिलुआताल पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन घटनास्थल पीपीगंज थाना क्षेत्र में होने के कारण संबंधित जानकारी पीपीगंज पुलिस को उपलब्ध कराई गई। उधर, पीड़ित परिवार ने पीपीगंज थाने में लिखित तहरीर देकर चारों आरोपित युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल पर मिली मोटरसाइकिल के आधार पर फरार आरोपितों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
