स्कूल चलो अभियान 2026, भरोहिया ब्लॉक में जागरूकता रैली को चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा और बीएसए धीरेन्द्र त्रिपाठी ने दिखाई हरी झंडी

उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद गोरखपुर के विकासखंड भरोहिया स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र में बुधवार, 15 जुलाई 2026 को सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत “स्कूल चलो अभियान-2026” के तहत भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना तथा अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत पीपीगंज के चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) धीरेन्द्र त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में हुई, जहां बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली ने क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर लोगों को शिक्षा का संदेश दिया। रैली के दौरान “हर बच्चा स्कूल जाए, शिक्षित भारत बनाए”, “बेटी-बेटा एक समान, शिक्षा है सबका अधिकार” तथा “कोई बच्चा छूटे नहीं, हर घर से स्कूल चले” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नीलम ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना तथा ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए शिक्षकों को घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क स्थापित करने और बच्चों के नामांकन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य अतिथि लक्ष्मण विश्वकर्मा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव होती है। प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वह अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजे ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके। वहीं बीएसए धीरेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए शिक्षा विभाग लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है और सभी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

रैली में शिक्षक संगठन एवं शिक्षा विभाग के अनेक पदाधिकारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। इसमें विकासखंड अध्यक्ष एवं जिला उपाध्यक्ष डॉ. गोविन्द राय, संयुक्त मंत्री शिव शंकर त्रिपाठी, हाफिज अनवारूल हक, कोषाध्यक्ष सुनील भारती, उपाध्यक्ष डॉ. एस.एन. मिश्रा, संजय शुक्ल, संजीव पांडेय, तहसील प्रभारी सचिन्द्र यादव सहित धीरज श्रीवास्तव, प्रभुनाथ द्विवेदी, अभिनन्दन पाण्डेय, संजीव कुमार, संजय मिश्रा, दिनेश कालीन, फरीद, देवेन्द्र प्रताप सिंह, सुधीर श्रीवास्तव, धनंजय पाण्डेय, धर्मेन्द्र कुमार, दिनेश कुमार, रीना सिंह, जया मिश्रा, फातिमा, हेमलता, नीलम अग्रहरि एवं अन्य शिक्षकों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षा विभाग ने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे अपने-अपने विद्यालय क्षेत्रों में नामांकन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें, जिससे कोई भी पात्र बच्चा विद्यालय से बाहर न रह जाए। रैली के सफल आयोजन से शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश पूरे क्षेत्र में पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!