सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 11.18 लाख की ठगी, पीपीगंज पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गोरखपुर/ सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को पीपीगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़ित से नौकरी के नाम पर 11 लाख 18 हजार 400 रुपये हड़प लिए थे और फर्जी नियुक्ति पत्र व पहचान पत्र भी उपलब्ध कराया था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष कुमार गौतम पुत्र हरि प्रसाद, निवासी ग्राम उनहरीबाग, थाना कुबेरस्थान, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। आरोपी ने शिकायतकर्ता को सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का लालच दिया।

भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में कुल ₹11,18,400 रुपये ले लिए। रुपये मिलने के बाद उसने पीड़ित को फर्जी नियुक्ति पत्र और फर्जी आईडी कार्ड भी थमा दिया। जब पीड़ित को दस्तावेजों के फर्जी होने का शक हुआ तो उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे। लेकिन आरोपी ने रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया और धमकी भी दी।

पीड़ित की तहरीर पर थाना पीपीगंज में मु0अ0सं0 171/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनीष कुमार गिरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी संतोष गौतम को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी टीम में कांस्टेबल गोविंद यादव और रिक्रूट कांस्टेबल प्रवीण कुमार भी शामिल रहे।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी के खिलाफ थाना कसया, जनपद कुशीनगर में भी एक अन्य आपराधिक मामला पहले से दर्ज है।

इस मामले में पीपीगंज पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सरकारी नौकरी के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के धनराशि न दें। सरकारी नौकरी के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। यदि कोई व्यक्ति नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

पुलिस ने कहा कि इस तरह के गिरोहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ठगी के शिकार होने से बचने के लिए हमेशा सरकारी वेबसाइट और आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!