गोरखपुर/ पीपीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मुहम्मदपुर निवासी मोहम्मद वकील पुत्र खान मोहम्मद ने गांव के कुछ लोगों पर जमीन पर अवैध कब्जा करने और विरोध करने पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में पुलिस से आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, मोहम्मद वकील के घर के पास स्थित एक खाली जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि गांव के ही वालेदीन, जनाउदीन और अनाउदीन पुत्रगण कासिम उक्त जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।

पीड़ित का कहना है कि जब उसने जमीन पर कब्जा करने का विरोध किया तो गांव के ही भानू प्रताप पुत्र गिरधारी और अशोक कुमार पुत्र भानू प्रताप ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों ने रॉड और सब्बल से हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
मोहम्मद वकील ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि संबंधित लोग मनबढ़ किस्म के हैं और विवाद को लेकर उसके साथ दोबारा अप्रिय घटना हो सकती है। उसने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
वही इस संबंध में पीपीगंज थानाध्यक्ष कमलेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
