गोरखपुर /जनपद में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अवैध संबंध के शक में पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी और फावड़े से गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह दिल दहला देने वाली घटना 3 मार्च की रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच खजनी थाना क्षेत्र के धाधूपार गांव में हुई। आरोपी अशोक निषाद (44) अपनी पत्नी नीलम देवी (40) और दो बच्चों के साथ रहता था। दोनों की शादी वर्ष 2006 में हुई थी। उनके एक बेटा सूरज (17) और एक बेटी सृष्टि (14) है।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। अशोक को पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी शक के चलते उसने गुस्से में आकर पहले कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर फावड़े से पत्नी का गला काट दिया। कमरे में खून फैल गया और मौके पर ही नीलम की मौत हो गई।
मां की चीख सुनकर बेटा सूरज जाग गया और विरोध करने लगा। आरोप है कि अशोक ने उसे भी फावड़ा लेकर दौड़ा लिया। किसी तरह सूरज अपनी जान बचाकर घर से बाहर भागा और गांव से दूर जाकर अपने नाना राजेंद्र निषाद को फोन कर घटना की जानकारी दी।
हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने खुद भी पुलिस को फोन कर पत्नी की हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कॉल ट्रेस कर तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
खज़नी पुलिस की टीम ने घटनास्थल से कुल्हाड़ी और फावड़ा बरामद किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। बुधवार सुबह पुलिस आरोपी को लेकर घटनास्थल पहुंची और सीन रीक्रिएट कर पूछताछ की।
सीओ खजनी दीपांशी राठौर ने बताया कि महिला के पिता राजेंद्र निषाद की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और शक को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। परिवार के दोनों बच्चे सदमे में हैं। पड़ोसियों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
