गोरखपुर में दिनदहाड़े हत्या, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार चौहान की हत्या से मचा हड़कंप

गोरखपुर/ चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पूर्व पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार चौहान की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6 बजे राजकुमार चौहान रोज की तरह मार्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे करीब चार हमलावरों ने उन्हें अचानक घेर लिया। बदमाशों ने पहले उनके सिर पर गोली चलाई और चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजकुमार चौहान ने अपनी जान बचाने के लिए करीब 100 मीटर तक भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान सीने में कई बार चाकू से वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही हालत बेहद गंभीर हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद कुछ देर तक मौके पर ही बैठे रहे और जब उन्हें यकीन हो गया कि राजकुमार चौहान की मौत हो चुकी है, तब वे वहां से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, आरोपी अपनी गाड़ी को कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल ही घटना स्थल तक पहुंचे थे, जिससे उनकी पहचान करना और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल राजकुमार चौहान को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही चिलुआताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!