गोरखपुर में नवागत कप्तान को बदमाशों की खुली चुनौती, खेत में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप

गोरखपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। नवागत पुलिस कप्तान के कार्यभार संभालते ही बदमाशों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गीडा थाना क्षेत्र के पेवनपुर गांव के सीवान में एक युवक का शव खेत में मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

मृतक की पहचान अभिषेक सिंह के रूप में हुई है। शनिवार की सुबह खेत गए कुछ किसानों ने खेत में युवक का शव पड़ा देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में युवक के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों और युवक के बीच पहले हाथा पाई हुई होगी उसके बाद धारदार हथियार से युवक की निर्मम हत्या की गई है। हत्या के बाद बदमाशों ने शव को खेत में फेंक दिया जिससे पहचान और घटना की जानकारी देर से मिले।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और फॉरेंसिक टीम को शव के पास कंडोम का पैकेट भी मिला है जिसे टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल भेज दिया गया है।

इस वारदात ने एक बार फिर गोरखपुर में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नवागत कप्तान के लिए यह घटना एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला आपसी रंजिश, जमीन विवाद या किसी अन्य कारण से जुड़ा हो सकता है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

यह घटना न सिर्फ पीड़ित परिवार के लिए दुखद है, बल्कि पूरे इलाके में भय का माहौल पैदा कर रही है। लोग पुलिस से जल्द से जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं ताकि अपराधियों को सजा मिल सके और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!