गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर अज्ञात व्यक्ति का मिला शव

गोरखपुर/ गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर शुक्रवार की रात लगभग एक बजे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना गोरखपुर जनपद के अंतर्गत पीपीगंज और कैंपियरगंज रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 24/4-5 के पास सामने आई। शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात के समय ट्रैक की जांच कर रहे रेलवे कीमैन की नजर ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल कंट्रोल रूम और 112 नंबर पर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पीपीगंज थाना क्षेत्र की पुलिस टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम का नेतृत्व एसआई राजकुमार ने किया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव की तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष आंकी गई है। हालांकि शव के पास से कोई वैध रेलवे टिकट, पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के थानों और चौकियों को भी अज्ञात शव की सूचना प्रेषित कर दी गई है, ताकि पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के गांवों और कस्बों और सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सूचना भेजकर लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है। यदि किसी व्यक्ति के परिजन पिछले कुछ समय से लापता हैं, तो वे संबंधित थाने से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!