गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई। भरवल गांव के रहने वाले 30 वर्षीय युवक शैलेष यादव ने कथित रूप से अपने साथियों के साथ विवाद के बाद रोहिन नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार युवक की पहचान शैलेष यादव पुत्र कपिल देव यादव, निवासी भरवल के रूप में हुई है। शैलेष यादव अपने मां बाप के इकलौते बेटे थे जो शादीशुदा थे। और उनकी तीन बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम वह अपने तीन दोस्तों के साथ एक महिला को लेकर कहीं गए थे। महिला की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है और वह पीपीगंज क्षेत्र के लमोहिया, कल्याणपुर गांव की रहने वाली है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सभी लोग साथ में बैठे थे और इस दौरान शराब का सेवन भी किया गया था। इसी बीच किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि विवाद का कारण उस महिला का एक कथित वीडियो था, हालांकि इस संबंध में पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर शैलेष और उनके साथियों के बीच तनाव काफी बढ़ गया। इसी दौरान वह गायघाट जंगल कौड़ियां के पास पहुंचे और घबराहट में रोहिन नदी में कूद गए। घटना के तुरंत बाद साथियों ने शोर मचाया और स्थानीय लोगों को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की तलाश शुरू किया लेकिन अंधेरा होने की वजह से तलाश नहीं पाई और सुबह होने पर युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम कड़ी मशक्कत के शव को खोजा गया है। पीपीगंज पुलिस द्वारा शव का पंचनामा करा कर पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। युवक के दोस्तों को हिरासत में ले लिया गया है। जिनकी पहचान अखिलेश पुत्र स्व साधु उम्र लगभग 20 वर्ष और कमलेश पुत्र स्व रमेश उम्र लगभग 25 वर्ष जंगल अगही टोला बड़ी सेनुर थाना पीपीगंज के रूप में हुई है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना से भरवल गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। तीन मासूम बेटियों के पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़कर चला गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
