गोरखपुर/ गोरखपुर जिले में होली जैसे खुशियों के पर्व पर मातम फैल गया। गोरखपुर जिले के मानीराम क्षेत्र से एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। मानीराम के सिक्टौर में मनबढ़ युवकों द्वारा एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चिलुआताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मानीराम सिक्टौर गांव में कुछ युवक बाइक से करतब दिखा रहे थे। उसी स्थान पर छोटे बच्चे होली खेल रहे थे। गांव के ही निवासी ज्ञानेंद्र चौधरी ने युवकों को वहां बाइक न चलाने और बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखने की सलाह दी।
बताया जा रहा है कि यह बात एक युवक को नागवार गुजरी। उसने फोन कर अपने गांव के साथियों को बुला लिया। थोड़ी ही देर में कई युवक मौके पर पहुंचे और ज्ञानेंद्र चौधरी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े।
ग्रामीणों के शोर मचाने पर आरोपी युवक उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। कुछ ग्रामीणों ने आरोपियों की पहचान कर ली है, जो पास के करहिया गांव के बताए जा रहे हैं। आनन-फानन में घायल ज्ञानेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल भेज दिया। और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी और लगभग 15 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। होली के दिन हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव सदमे में है।
यह घटना कानून-व्यवस्था और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की बात कही है।
