उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर के जंगल कौड़िया ब्लॉक क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गैस सिलेंडर से पानी निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने स्थानीय उपभोक्ताओं के बीच चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ा दी है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि समर एक्सप्रेस नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात एक सोशल मीडिया यूजर ने पासबुक और गैस सिलेंडर का वीडियो साझा किया। वायरल वीडियो में दिख रही पासबुक पर राजकन्या देवी, निवासी मीरपुर डोहरिया बाजार का नाम दर्ज है। जब इस मामले में पीड़ित परिवार से संपर्क किया गया, तो उनके पुत्र जितेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने यह सिलेंडर स्थानीय गैस एजेंसी से लिया था।
जितेंद्र के अनुसार, सिलेंडर लगभग एक सप्ताह तक सामान्य रूप से चला, लेकिन इसके बाद अचानक गैस आनी बंद हो गई। जब सिलेंडर को हिलाया गया तो अंदर से पानी जैसी आवाज सुनाई दी। उन्होंने बताया कि जब सिलेंडर को बाहर ले जाकर वाल्व दबाया गया, तो गैस नहीं निकली, लेकिन जैसे ही सिलेंडर को उल्टा कर वाल्व दबाया गया, उसमें से पानी निकलने लगा।
इस घटना के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की सही तरीके से तौल नहीं की जाती है। इसके अलावा गैस एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा यूनिफॉर्म न पहनने और नियमों का पालन न करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक हॉकर द्वारा उपभोक्ताओं से 50 रुपये अतिरिक्त वसूली का वीडियो वायरल हुआ था, लेकिन अब तक उस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में यह नया मामला गैस वितरण प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
