नवोदय विद्यालय गोरखपुर के कंप्यूटर शिक्षक की सड़क दुर्घटना में मौत

गोरखपुर/ जवाहर नवोदय विद्यालय जंगल अगही में कार्यरत कंप्यूटर शिक्षक अभय प्रताप सिंह की एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा शनिवार सुबह उस समय हुआ जब वे छुट्टी के बाद अपने घर बस्ती से विद्यालय लौट रहे थे। इस घटना से पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, अभय प्रताप सिंह (उम्र लगभग 40 वर्ष) मई 2023 में नवोदय विद्यालय जंगल अगही में पहली नियुक्ति पाए थे। वे एक समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक के रूप में जाने जाते थे। उनकी पत्नी भी बस्ती जिले के एक विद्यालय में सरकारी शिक्षिका हैं। उनके परिवार में दो बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा लगभग 14 वर्ष का और छोटा बेटा 10 वर्ष का है।

चार दिन पहले अभय प्रताप सिंह छुट्टी लेकर अपने घर बस्ती गए थे। शनिवार की सुबह वे मोटरसाइकिल से वापस विद्यालय आ रहे थे, तभी रास्ते में पीछे से एक चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस संबंध में जवाहर नवोदय विद्यालय जंगल अगही के प्रधानाचार्य संजीव कुमार सक्सेना ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अभय प्रताप सिंह छुट्टी के बाद विद्यालय लौट रहे थे, तभी बस्ती में किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ रेफर किया गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद उनका शव बस्ती लाया गया है। प्रधानाचार्य ने यह भी कहा कि विद्यालय प्रशासन पीड़ित परिवार की हर संभव सहायता करेगा।

इस दुखद घटना से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। शिक्षक संगठनों और स्थानीय लोगों ने अभय प्रताप सिंह के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

अभय प्रताप सिंह का जाना न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि शिक्षा जगत के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है। उनकी सेवाओं और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। विद्यालय प्रशासन द्वारा आगे की औपचारिक कार्रवाई पूरी की जा रही है तथा परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!