पैसिफिक कालेज ऑफ नर्सिंग रायपुर पीपीगंज में ANM-GNM छात्राओं का लैंप लाइटनिंग व शपथ समारोह संपन्न

गोरखपुर/पीपीगंज रायपुर पीपीगंज स्थित पैसिफिक कालेज ऑफ नर्सिंग में एएनएम और जीएनएम छात्राओं का भव्य “लैंप लाइटनिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह” गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोज थालेसरी (ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में हिमांशु (जनरल मैनेजर एचआर, सिटी हॉस्पिटल) और डॉ. सैयद हबीबुल्लाह उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं ने नर्सिंग सेवा की पवित्र परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की। लैंप लाइटनिंग सेरेमनी में दीपक की रोशनी के साथ सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

Oplus_131072

मुख्य अतिथि मनोज थालेसरी ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि परोपकार और मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब नर्स मरीजों के साथ आत्मीयता और संवेदनशीलता से जुड़ती हैं तो रोगी के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होता है। उन्होंने इसे सभी सेवाओं में सर्वोपरि बताते हुए छात्राओं को ईमानदारी, अनुशासन और करुणा के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। साथ ही कॉलेज प्रबंधन डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर एवं समस्त स्टाफ के प्रयासों की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि हिमांशु (एचआर मैनेजर, सिटी हॉस्पिटल) ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग शिक्षा पूर्ण करने के बाद आप सभी किसी न किसी अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगी। इसलिए अभी से व्यावसायिक दक्षता, व्यवहार कौशल और टीमवर्क पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण के बेहतर अवसर प्रदान करता है।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। सोलो प्रस्तुतियों में अनुराधा (जीएनएम तृतीय वर्ष) और मधुलिका (जीएनएम प्रथम वर्ष) को विजेता घोषित कर पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। छात्राओं ने नाट्य रूपांतरण के माध्यम से नर्सिंग सेवा के महत्व, मरीजों के प्रति समर्पण तथा “सही मतदान-सही चुनाव” जैसे सामाजिक संदेशों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की छात्राओं ने प्रभावशाली और व्यवस्थित ढंग से किया। अंत में कॉलेज के डिप्टी डायरेक्टर ई. इरफान हाशमी ने सभी आगंतुकों, अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने पेशे के प्रति जिम्मेदार बनाते हैं।

गौरतलब है कि लैंप लाइटनिंग और शपथ समारोह नर्सिंग शिक्षा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है, जिसमें छात्राएं सेवा, समर्पण और नैतिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करती हैं। पैसिफिक कालेज ऑफ नर्सिंग रायपुर पीपीगंज द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए प्रेरणादायक और यादगार साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!