उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद के पीपीगंज कस्बे में एक युवक की आनंदलोक हॉस्पिटल में आपरेशन के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत के बाद आक्रोश का माहौल देखने को मिला। भगवानपुर निवासी अभिषेक मद्धेशिया की ऑपरेशन के दौरान आनंदलोक हॉस्पिटल में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर परिजनों ने गोरखनाथ थाना में मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन मुकदमे को सामान्य धाराओं में दर्ज किए जाने से परिवार और स्थानीय लोग असंतुष्ट हैं।

घटना के विरोध में बुधवार शाम करीब 6:00 बजे पीपीगंज के सैकड़ों लोगों ने रेलवे स्टेशन से नई दुर्गा मंदिर तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और सभी ने एकजुट होकर न्याय की मांग की। कैंडल मार्च रेलवे स्टेशन पीपीगंज से शुरू होकर नई दुर्गा मंदिर तक उसके बाद वापस पीपीगंज मुख्य चौराहे तक शांतिपूर्ण तरीके से निकाला गया।
मार्च के दौरान लोगों ने मुख्य चौराहे पर स्वामी विवेकानंद प्रतिमा के पास मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत अभिषेक मद्धेशिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने प्रशासन से मांग की कि आनंदलोक हॉस्पिटल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण ही एक युवा की जान गई है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कैंडल मार्च के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रही जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस मौके पर रामानंद मद्धेशिया (सभासद), राजू मद्धेशिया (सभासद प्रतिनिधि), शैलेन्द्र भारती (पूर्व सभासद), संतोष भारती, गुलशन रावत, विपिन सिंह, राजेश पांडेय (पूर्व विधायक प्रत्याशी बसपा), गणेश मद्धेशिया, संजय चौधरी समेत सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
