पीपीगंज के पीएचसी में एडी हेल्थ का औचक निरीक्षण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाएं सुधारने के निर्देश

उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला के दौरान अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. जयंत कुमार ने पीपीगंज नगर पंचायत स्थित नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. जयंत कुमार ने स्वास्थ्य केंद्र की समग्र व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने दवाओं के रख-रखाव, उनकी उपलब्धता और स्टॉक की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण में सफाई व्यवस्था को लेकर कुछ कमियां सामने आईं, जिस पर एडी हेल्थ ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जल्द से जल्द सफाई कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छता बनी रहे।

डॉ. जयंत कुमार ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर समय-समय पर ऐसे औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य मेलों में सेवाओं की गुणवत्ता बनी रहे और निरंतर सुधार होता रहे।

इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. स्मिता गुप्ता, फार्मासिस्ट रेनू चौहान, लैब टेक्नीशियन दिनेश कुमार, दीपक चौधरी, दीपमाला भारती, शोभा चौधरी, अंकिता सिंह, जया त्रिपाठी और वार्ड ब्वॉय जीतई सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!