गोरखपुर/ नगर पंचायत पीपीगंज कस्बे में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बंधन बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। शाखा का उद्घाटन चौकी प्रभारी कस्बा सब इंस्पेक्टर गौरव तिवारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई और बैंक स्टाफ की ओर से मुख्य अतिथि को पौध युक्त गमला भेंट कर सम्मानित किया गया।

उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पुलिस अधिकारियों और बैंक कर्मचारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।

बंधन बैंक के एरिया मैनेजर शक्ति सिंह ने बताया कि पहले बंधन बैंक केवल एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के रूप में कार्य करता था, जहां मुख्य रूप से लोन, डिपॉजिट और विड्रॉल जैसी सीमित सेवाएं उपलब्ध थीं। लेकिन अब बैंक पूर्ण रूप से विकसित होकर सभी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं प्रदान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पीपीगंज शाखा में ग्राहकों को अब बचत खाता, सावधि खाता, फिक्स्ड डिपॉजिट, आरटीजीएस, होम लोन, पर्सनल लोन सहित विभिन्न प्रकार के ऋण और बैंकिंग सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इससे स्थानीय लोगों को बड़े शहरों की ओर रुख करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
चौकी प्रभारी गौरव तिवारी ने बैंक स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पीपीगंज में बंधन बैंक की शाखा खुलने से क्षेत्रवासियों को काफी सहूलियत मिलेगी। अब लोगों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और समय पर सभी आवश्यक वित्तीय सेवाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि बैंक क्षेत्र के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा और लोगों को स्वरोजगार एवं व्यवसायिक गतिविधियों में सहयोग प्रदान करेगा।
इस अवसर पर शक्ति सिंह (एरिया मैनेजर), विनय कुमार राव (ब्रांच मैनेजर), उदय शंकर तिवारी (क्रेडिट मैनेजर), संतोष कुमार (ब्रांच कैशियर) सहित ब्रांच के स्टाफ गंगेश जायसवाल, विशाल तिवारी, रवि कुमार, जितेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, मुकेश कुमार ओझा, रघुनाथ यादव और अजय यादव मौजूद रहे।
साथ ही चौकी प्रभारी गौरव तिवारी, अपनी टीम के साथ उप निरीक्षक मनीष राज, कांस्टेबल गोविंद यादव, विपिन तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए।
पीपीगंज में बंधन बैंक की इस नई शाखा के खुलने से क्षेत्र की बैंकिंग व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नया संबल प्राप्त होगा।
