गोरखपुर/पीपीगंज-जसवल मार्ग पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और बेटी घायल हो गए। यह हादसा जसवल गांव के समीप स्टेट बैंक के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मेहदावल थाना क्षेत्र के चिकनियाडीह निवासी पुष्पा यादव (40) अपने बेटे शिवम यादव (19) और बेटी अनामिका के साथ बाइक से पीपीगंज इलाज के लिए आ रही थीं। बाइक शिवम चला रहा था, जबकि पीछे पुष्पा और अनामिका बैठी थीं।
जैसे ही उनकी बाइक जसवल स्थित स्टेट बैंक के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
हादसे में सबसे पीछे बैठी पुष्पा यादव सड़क पर सिर के बल गिर गईं। उनके सिर में गंभीर चोट आई और वे मौके पर ही अचेत हो गईं। वहीं शिवम और अनामिका को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को पीपीगंज के भगवानपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद पुष्पा यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवम और अनामिका को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। पुष्पा की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पति दिनेश यादव हैदराबाद में फर्नीचर का काम करते हैं। परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी अनामिका की शादी हो चुकी है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीपीगंज थानेदार अरुण सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुटी है।
इस सड़क हादसे ने एक बार फिर पीपीगंज-जसवल मार्ग पर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर ई-रिक्शा, डंफर और अन्य वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और नियमित गश्त की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
