प्रेम संबंध का खुलासा होने पर टूटा रिश्ता, 7.45 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति को लेकर पीपीगंज थाने में शिकायत

गोरखपुर/ जिले के गोरखपुर में सगाई समारोह के दिन बड़ा विवाद सामने आया, जब दूल्हे के कथित प्रेम संबंध का खुलासा होने पर रिश्ता तोड़ दिया गया। पीड़ित पक्ष ने क्षतिपूर्ति की मांग करते हुए पीपीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुलहरिया थाना क्षेत्र के एक युवती की शादी खजनी थाना क्षेत्र के ग्राम सियर टोला सजुआपार निवासी सौरभ चौहान से तय हुई थी। सौरभ चौहान डाक विभाग गोरखपुर रेल मेल सेवा में कार्यरत बताया गया है। 24 अगस्त 2025 को दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता पक्का हुआ था।

परिवार के अनुसार, वधू पक्ष की ओर से शगुन के तौर पर छह लाख रुपये नकद, 10 ग्राम सोने की माला और 5 ग्राम सोने की अंगूठी देने की बात तय हुई थी। सगाई 13 फरवरी 2026 को और विवाह 5 मई 2026 को प्रस्तावित था। सगाई समारोह के लिए पीपीगंज स्थित न्यू एम एल पैलेस मैरिज हॉल 1,12,600 रुपये में बुक किया गया और सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं।

आरोप है कि तय समय पर जब वर पक्ष कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचा तो सौरभ चौहान को फोन करने पर एक युवती ने कॉल रिसीव कर बताया कि उसका सौरभ चौहान से पिछले पांच-छह वर्षों से प्रेम संबंध है। युवती ने यह भी दावा किया कि उनके बीच शारीरिक संबंध रहे हैं और उसने तीन बार गर्भपात कराया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि युवती ने कथित फोटो और बातचीत की रिकॉर्डिंग भी साझा की।

जब इस संबंध में सौरभ चौहान और उनके पिता इंद्रजीत चौहान से बात की गई तो पहले आरोपों को निराधार बताया गया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत में सौरभ ने कथित रूप से प्रेम संबंध स्वीकार किया। इसके बाद वधू पक्ष ने सगाई और विवाह से इनकार कर दिया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आपसी सहमति से 7,45,500 रुपये (जिसमें 3 लाख रुपये अग्रिम नगद और 4,45,500 रुपये क्षतिपूर्ति) देने की बात तय हुई थी। लेकिन आरोपियों ने थाने पर रकम देने के बजाय मौके से चले गए। अब पीड़ित पक्ष का कहना है कि फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

One thought on “प्रेम संबंध का खुलासा होने पर टूटा रिश्ता, 7.45 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति को लेकर पीपीगंज थाने में शिकायत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!