राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे रोड रोलर में अचानक लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

गोरखपुर/ जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे एक रोड रोलर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरा रोलर धू-धू कर जलने लगा। इस घटना में चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि आग की वजह से रोलर पूरी तरह जलकर राख हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीपीगंज थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के पास सोमवार की शाम करीब सात बजे यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि जंगल कौड़ियां की ओर से एक रोड रोलर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसमें आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और रोलर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

रोलर में आग लगते ही चालक भूरी सिंह ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों ने बाल्टी से पानी डालकर और अन्य तरीकों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पीएनसी कंपनी के कर्मचारियों ने तुरंत पहल की। कंपनी के यार्ड की ओर जा रहे एक जेसीबी को रोककर मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक रोड रोलर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पीपीगंज थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए सड़क पर लगे जाम को हटवाया और यातायात को सुचारु रूप से चालू कराया।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर चालक समय रहते रोलर से नहीं कूदता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!