पीपीगंज में कार में मिला व्यापारी का शव, शुक्रवार सुबह मचा हड़कंप

गोरखपुर जिले के पीपीगंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कार के अंदर एक व्यापारी का शव मिलने की सूचना सामने आई। यह घटना पीपीगंज-बगहीभारी मार्ग पर स्थित एक प्राथमिक विद्यालय के पास की बताई जा रही है, जहां सड़क किनारे खड़ी कार में मृत अवस्था में व्यापारी मिले।

जानकारी के अनुसार महराजगंज जिले के नौतनवा निवासी 55 वर्षीय व्यापारी गनेश जायसवाल गुरुवार को किसी काम से पीपीगंज आए थे। देर रात तक उनके घर न लौटने के बाद परिजन चिंतित थे। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे बगहीभारी गांव के लिंक मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को देखा।

स्थानीय लोगों ने कार के अंदर बैठे व्यक्ति को काफी देर तक अचेत अवस्था में देखा। जब व्यक्ति में कोई हलचल नहीं दिखाई दी तो ग्रामीणों को शक हुआ और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पीपीगंज थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने जब कार का दरवाजा खोला तो देखा कि व्यापारी का शव कार की पिछली सीट के नीचे पड़ा हुआ था। इसके बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और आवश्यक जांच के बाद शव को कार से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया।

कार की तलाशी के दौरान पुलिस को शराब और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें भी मिली हैं। प्रारंभिक जांच में अत्यधिक शराब सेवन के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि व्यापारी की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय कार में व्यापारी अकेले थे या उनके साथ कोई और भी मौजूद था।

इसके साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि गुरुवार रात व्यापारी किन लोगों के संपर्क में थे और वह किस काम से पीपीगंज आए थे।

One thought on “पीपीगंज में कार में मिला व्यापारी का शव, शुक्रवार सुबह मचा हड़कंप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!