गोरखपुर/ ब्लॉक जंगल कौड़िया क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से ब्रेकथ्रू संस्था द्वारा हाइपर लोकल कैंपेन का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में क्षेत्र की 28 ग्राम पंचायतों से आए प्रतिनिधियों, किशोर-किशोरियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरों में बढ़ते ड्रॉपआउट की समस्या पर गंभीर चर्चा करना और उसके समाधान के लिए ठोस कदम उठाना रहा। इस दौरान छात्रों द्वारा विद्यालय छोड़ने के विभिन्न कारणों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आर्थिक स्थिति, पारिवारिक दबाव, जागरूकता की कमी और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण का अभाव प्रमुख कारणों के रूप में सामने आए।
बैठक में यह भी जोर दिया गया कि सभी बच्चों को एक सुरक्षित, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए। प्रतिभागियों ने इस बात पर सहमति जताई कि शिक्षा केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव है।
कार्यक्रम में प्रथम फाउंडेशन द्वारा युवा उद्यमी योजना के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसमें युवाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही ICDS, CHC, ब्लॉक प्रशासन और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने भी किशोरों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सपनों को साकार करने के लिए चल रही योजनाओं पर प्रकाश डाला।
ब्रेकथ्रू संस्था के प्रतिनिधि संजय यादव, प्रियंका, प्रवेश, प्रीति, कंचन सहित TCL टीम के विशाल, सुधांशु, अमन, आदित्य, सूरज, शिव साहनी और पूजा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ संवाद स्थापित कर शिक्षा के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम के अंत में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने बढ़ते ड्रॉपआउट के खिलाफ और शिक्षा को बढ़ावा देने के समर्थन में हस्ताक्षर किए। इस अभियान का उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और हर बच्चे को स्कूल तक पहुंच सुनिश्चित करना है।
