उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद के विकास खंड जंगल कौड़ियां में राष्ट्रीय विद्यालय प्रबन्धक संघ गोरखपुर इकाई की ओर से रविवार को ब्लाक सभागार जंगल कौड़ियां में भव्य “प्रबन्धक चेतना समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यालय प्रबन्धकों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षाविदों ने भाग लिया। समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यालय संचालन में आ रही समस्याओं पर चर्चा करना तथा शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कैम्पियरगंज विधायक फतेह बहादुर सिंह रहे। उन्होंने विद्यालय प्रबन्धकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालयों को बेहतर सुविधाएं और प्रशासनिक सहयोग मिलना आवश्यक है।

समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों, पत्रकारों तथा विशिष्ट आगंतुकों को माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं जैसे मान्यता, प्रशासनिक प्रक्रिया, वित्तीय कठिनाइयों और शिक्षा की गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई। कई विद्यालय प्रबन्धकों ने अपने सुझाव एवं समस्याएं मंच के माध्यम से साझा कीं।
राष्ट्रीय विद्यालय प्रबन्धक संघ के जिलाध्यक्ष गणेश प्रसाद शर्मा ने संगठन की ओर से विधायक को मांग पत्र सौंपते हुए विद्यालय प्रबन्धकों की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालय शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए सरकार और प्रशासन को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री डा विनीत मिश्र ने संगठन की गतिविधियों और शिक्षा क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय प्रबन्धकों से एकजुट होकर शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने की अपील की।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख जंगल कौड़ियां बृजेश यादव, ब्लाक प्रमुख कैम्पियरगंज अश्वनी जायसवाल, चेयरमैन पीपीगंज लक्ष्मण विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि मनोज सिंह, विधायक पीआरओ राजेश सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष वैदेही शरण यादव, जिला उपाध्यक्ष गुनागर, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार मिश्र, जिला महामंत्री अरुण रावत, विवेक श्रीवास्तव, शिवांश त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी कन्हैया लाल जायसवाल, महानगर अध्यक्ष अनुराग श्रीवास्तव, पूर्व महानगर अध्यक्ष अनवर अली, अविनाश मिश्र, धनपत विश्वकर्मा, पवन जायसवाल, जितेन्द्र वर्मा, उमेश चौधरी एवं मोहम्मद नदीम समेत सैकड़ों विद्यालय प्रबन्धक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन शिवांश त्रिपाठी ने किया।
यह प्रबन्धक चेतना समारोह शिक्षा क्षेत्र में संवाद और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यालयों की समस्याओं के समाधान तथा शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
