उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र की एक 35 वर्षीय महिला ने पीपीगंज पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए एक अस्पताल के डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि अस्पताल में दाई के रूप में कार्य करने के दौरान डॉक्टर ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर लगातार जान से मारने की धमकी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता पिछले लगभग दो वर्षों से पीपीगंज स्थित एक निजी अस्पताल में दाई का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही है। महिला का कहना है कि इसी दौरान अस्पताल के डॉक्टर ने अपनी पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए। महिला ने आरोप लगाया कि जब भी उसने इसका विरोध किया, आरोपी डॉक्टर उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी देता रहा।
पीड़िता का कहना है कि लगातार हो रहे मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के कारण उसका जीवन बेहद कठिन हो गया है। भय और सामाजिक बदनामी के कारण वह लंबे समय तक चुप रही, लेकिन जब उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ती गईं तो उसने पुलिस की शरण लेने का निर्णय लिया।
सोमवार को पीड़िता पीपीगंज थाने पहुंची और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ लिखित प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। महिला ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों, पीड़िता के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि किसी भी महिला कर्मचारी के साथ इस प्रकार की घटना दोबारा न हो सके।
