गोरखपुर जनपद के नगर पंचायत पीपीगंज में मानसून की पहली ही बारिश ने नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। नगर पंचायत के वार्ड संख्या-6 स्थित अब्दुल कलाम नगर में जलजमाव की गंभीर समस्या सामने आई है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग से वार्ड के अंदर जाने वाली सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई है और आवागमन प्रभावित हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर करीब एक से दो फीट तक पानी जमा हो गया है। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि यदि लगातार बारिश होती रही तो आसपास के घरों में भी पानी घुसने की आशंका बढ़ सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने में विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कालोनी के निवासियों ने बताया कि बरसात शुरू होने से पहले ही वार्ड के सभासद प्रतिनिधि अताउल्लाह खान तथा क्षेत्र के समाजसेवियों ने नगर पंचायत प्रशासन को जलनिकासी की समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने नाला निर्माण अथवा अस्थायी जल निकासी व्यवस्था किए जाने की मांग भी की थी। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत द्वारा क्षेत्र में जल निकासी के लिए एक मोटर लगाई गई है। सामान्य दिनों में यह मोटर घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए पर्याप्त साबित होती है, लेकिन तेज बारिश के दौरान यह व्यवस्था पूरी तरह नाकाफी साबित हो रही है। पहली ही बारिश में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने से नगर पंचायत की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही प्रभावी जल निकासी व्यवस्था नहीं बनाई गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि तत्काल आवश्यक कदम उठाकर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में नागरिकों को राहत मिल सके।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय रहते नाला निर्माण और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सके और लोगों का जीवन सामान्य बना रहे।
