अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अलवापुर रविदास मंदिर में हुआ योगासन कार्यक्रम, लोगों को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

गोरखपुर/ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गोरखपुर में अलवापुर स्थित रविदास मंदिर प्रांगण में 12वें योगासन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं निरोग जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार ने की। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे दैनिक जीवन में अपनाकर अनेक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से सूर्य नमस्कार के 12 चरणों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की और कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ, मन को शांत तथा जीवन को संतुलित बनाता है।

राजकुमार ने स्वयं विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर लोगों को योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “करें योग, रहें निरोग” केवल एक नारा नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। योग के माध्यम से तनाव, मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप सहित कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में संजय कुमार गौतम, जितेंद्र प्रजापति, श्यामू, सुरेश कुमार भारती, दिलीप कुमार, विजय कुमार कुशवाहा, कुमारी गुड़िया, अरविंद कुमार, पूर्णमासी, सोमई बौद्ध, तीजू प्रसाद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा नियमित रूप से योगाभ्यास करने का संकल्प लिया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!