महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र में पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त का सीधा प्रसारण, किसानों को मिली महत्वपूर्ण जानकारी

उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद गोरखपुर के चौक माफी स्थित महायोगी गोरखनाथ कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसानों ने कार्यक्रम में भाग लेकर प्रधानमंत्री द्वारा किसानों के लिए जारी की गई सम्मान राशि के बारे में जानकारी प्राप्त की।

Oplus_131072

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली से आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करते हुए देश के लगभग 9 करोड़ 44 लाख किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये की सम्मान राशि सीधे हस्तांतरित की। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र में किया गया, जिसे किसानों ने उत्साहपूर्वक देखा और सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डॉ. संदीप प्रकाश उपाध्याय ने उपस्थित किसानों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान कृषि क्षेत्र में व्यापक और सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। किसानों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती, बेहतर बाजार व्यवस्था और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

डॉ. उपाध्याय ने कहा कि आज देश का अन्नदाता केवल खाद्यान्न उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि वह राष्ट्र निर्माण और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम में गृह विज्ञान वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने महिला कृषकों और ग्रामीण युवाओं की कृषि एवं स्वरोजगार गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को आय वृद्धि के विभिन्न उपायों, जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र में संचालित प्रशिक्षण एवं नवाचार कार्यक्रमों से भी किसानों को अवगत कराया।

इस अवसर पर शुभम पांडेय, जितेंद्र सिंह, आशीष सिंह, अतुल यादव सहित 100 से अधिक कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और अन्य किसान कल्याणकारी योजनाओं के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि इस प्रकार की आर्थिक सहायता किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।

कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने भविष्य में भी किसानों को नई तकनीकों, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिक खेती से जोड़ने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!