पीपीगंज में युवती से मोबाइल स्नैचिंग, पीआरवी ने 5 किमी पीछा कर दो आरोपियों को दबोचा, छीना गया रियलमी मोबाइल बरामद
गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मोबाइल स्नैचिंग की एक घटना का कुछ ही देर में सफल खुलासा हो गया। पीआरवी-7327 की सतर्कता और तत्परता के चलते युवती से मोबाइल छीनकर भाग रहे दो आरोपियों को करीब पांच किलोमीटर तक पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया रियलमी मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार 9 जुलाई 2026 की शाम लगभग 6:30 बजे रामपुर कैथवलिया निवासी मुस्कान श्रीवास्तव अपने भाई रौनक श्रीवास्तव के साथ अलग-अलग साइकिल से सब्जी खरीदने के लिए ग्राम भरोहिया जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और मुस्कान के हाथ से उनका रियलमी मोबाइल फोन झपट्टा मारकर छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से ग्राम रमवापुर की ओर भाग निकले।

घटना के तुरंत बाद संयोगवश वहां से गुजर रही पीआरवी-7327 को पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम ने बिना समय गंवाए आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। लगभग पांच किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से पीड़िता का छीना गया रियलमी मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिन्स सिंह उर्फ श्रीकेत (20 वर्ष) पुत्र विनोद सिंह, निवासी उसका, थाना चिलुआताल, जनपद गोरखपुर तथा अरशद (23 वर्ष) पुत्र शराफत, निवासी डोहरिया बाजार, थाना चिलुआताल, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। दोनों के विरुद्ध पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पीआरवी-7327 टीम में आरक्षी इन्द्रजीत कुमार तथा होमगार्ड चालक रविन्द्र कुमार मिश्रा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
