गोरखपुर पीपीगंज संपत्ति विवाद, नीलम सिंह ने पति की आत्महत्या के पीछे लगाए गंभीर आरोप, न्याय की लगाई गुहार

उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर के पीपीगंज क्षेत्र में चर्चित दीनदयाल सिंह आत्महत्या प्रकरण ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मृतक की पत्नी नीलम सिंह ने अपने पति की आत्महत्या के पीछे लंबे समय से चले आ रहे संपत्ति विवाद को मुख्य कारण बताया। उन्होंने काली सिंह और घनश्याम सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों ने सुनियोजित तरीके से उन्हें और उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके चलते उनके पति ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाया।

Oplus_131072

प्रेस वार्ता के दौरान नीलम सिंह ने कहा कि उनके पति दीनदयाल सिंह द्वारा छोड़े गए कथित सुसाइड नोट में भी काली सिंह द्वारा लगातार मानसिक उत्पीड़न और दबाव बनाए जाने का उल्लेख किया गया है। उनका दावा है कि लगातार हो रहे विवाद और प्रताड़ना से परेशान होकर ही उनके पति ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

Oplus_131072

नीलम सिंह ने आरोप लगाया कि काली सिंह और घनश्याम सिंह ने दिव्या सिंह को मोहरा बनाकर उनके खिलाफ करीब 18 से 20 मुकदमे दर्ज करवाए। उनका कहना है कि इन मुकदमों के माध्यम से पूरे परिवार को लगातार कानूनी और मानसिक दबाव में रखा गया, जिससे परिवार की स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण हो गई थी।

Oplus_131072

अपनी वैवाहिक जीवन का जिक्र करते हुए नीलम सिंह ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2011 में पटना गुरुद्वारा में सिंधी रीति-रिवाज से दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी। उन्होंने कहा कि शादी पूरी तरह सामाजिक और पारिवारिक स्वीकृति के साथ संपन्न हुई थी, लेकिन पति की मृत्यु के बाद अब उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।

Oplus_131072

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीपीगंज स्थित उनकी संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। नीलम सिंह का कहना है कि घनश्याम सिंह सहित कुछ अन्य लोग उनकी संपत्ति हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा उनके परिवार को सुरक्षा और न्याय उपलब्ध कराया जाए।

वहीं, जब इस पूरे मामले में दूसरे पक्ष से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने नीलम सिंह द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया। दूसरे पक्ष का कहना है कि इस पूरे विवाद के लिए स्वयं नीलम सिंह जिम्मेदार हैं और उन पर लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।

फिलहाल इस प्रकरण में कई मामले कोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन की ओर से निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!