उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद में जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को पीपीगंज थाना परिसर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस की अध्यक्षता कैंपियरगंज के नायब तहसीलदार प्रकाश सिंह तथा पीपीगंज थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

थाना समाधान दिवस में कुल छह शिकायतें दर्ज की गईं। प्राप्त शिकायतों में अधिकांश मामले अंश निर्धारण एवं भूमि में हिस्सेदारी कम-ज्यादा होने से जुड़े राजस्व विवादों के थे। अधिकारियों ने प्रत्येक मामले की विस्तार से सुनवाई करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

प्राप्त शिकायतों में तीन मामले पुलिस विभाग से संबंधित थे, जिनका मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं तीन मामले राजस्व विभाग से जुड़े पाए गए। इन मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। अधिकारियों ने टीम को निर्देश दिया कि वह संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करे और निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करे।
नायब तहसीलदार प्रकाश सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता है। वहीं थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस एवं राजस्व विभाग के समन्वय से भूमि विवाद सहित अन्य मामलों का प्रभावी ढंग से निस्तारण कराया जा रहा है, ताकि अनावश्यक विवादों को समय रहते रोका जा सके।
समाधान दिवस के दौरान कस्बा चौकी प्रभारी आदित्य सिंह, एसआई राकेश गिरी, एसआई बादल कुमार, एसआई अनिकेत कुमार, कानूनगो अरविंद यादव, लेखपाल रत्नेश मिश्रा, सुधीर मिश्रा, मोहित नायक, दिवाकर वर्मा, शुभम तिवारी सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
थाना समाधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान कर प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
