राष्ट्रीय विद्यालय प्रबंधक संघ ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन, फायर NOC की समस्याएं भी उठाईं

गोरखपुर/ राष्ट्रीय विद्यालय प्रबंधक संघ, गोरखपुर द्वारा मंगलवार को मान्यता प्राप्त विद्यालयों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 11 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी दीपक मीणा को सौंपा गया। जिलाध्यक्ष गणेश प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के शीघ्र निस्तारण की मांग करते हुए प्रदेश सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

ज्ञापन में संघ ने कहा कि मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन लंबे समय से विभिन्न प्रशासनिक एवं तकनीकी समस्याओं के कारण विद्यालय संचालकों और प्रबंधकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं का शीघ्र समाधान होने से विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालयों का संचालन भी अधिक सुचारु रूप से हो सकेगा।

जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के बाद राष्ट्रीय विद्यालय प्रबंधक संघ के पदाधिकारियों और प्रबंधकों ने जिला चीफ फायर ऑफिसर (DCFO) संतोष कुमार राय से भी मुलाकात की। इस दौरान विद्यालयों में फायर एनओसी (Fire NOC) प्राप्त करने में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और प्रक्रियागत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि कई विद्यालय तकनीकी कारणों और जटिल प्रक्रियाओं के चलते समय पर फायर एनओसी प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं, जिससे विद्यालय संचालन प्रभावित हो रहा है।

जिला चीफ फायर ऑफिसर ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई और विभागीय स्तर पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों के अनुरूप आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के समापन पर जिलाध्यक्ष गणेश प्रसाद शर्मा ने सभी पदाधिकारियों, विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और एकजुटता ही विद्यालय प्रबंधन से जुड़े मुद्दों के प्रभावी समाधान का आधार है। उन्होंने सभी सदस्यों से भविष्य में भी संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहने और शिक्षा हित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य परमहंस सिंह, जिला संरक्षक वीरेन्द्र सिंह, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुनागर, जिला महामंत्री विवेक श्रीवास्तव, शिवांश त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता डा. सुनीता सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष अनवर अली, मंत्री जितेन्द्र यादव, जिला मीडिया प्रभारी कन्हैया लाल जायसवाल, जिला विधिक सलाहकार ओम प्रकाश यादव सहित सैकड़ों की संख्या में विद्यालय प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!