गोरखपुर/ भारतीय जनता पार्टी की कैंपियरगंज विधानसभा इकाई के तत्वावधान में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन किया गया। सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष (सिद्धार्थनगर) कन्हैया पासवान ने कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही किसी भी चुनाव में जीत की आधारशिला होता है। बूथ अध्यक्षों के सक्रिय प्रयासों से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क बढ़ाने और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं कैंपियरगंज विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ संगठन के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन के बल पर भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा सरकार की उपलब्धियों को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने भाजपा को और मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सदानंद शर्मा ने किया। सम्मेलन में जिला मंत्री राकेश चौधरी, लक्ष्मण विश्वकर्मा, दिनेश सिंह, विंद्रासन चौधरी, राजेन्द्र मद्धेशिया, अनिल अग्रहरि, प्रदीप छापड़िया सहित मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
