वायरल वीडियो के बाद मानीराम इंडेन गैस सर्विस का गोदाम सील, जांच में स्टॉक में भारी गड़बड़ी, विधिक कार्रवाई की तैयारी

उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र में संचालित मानीराम इंडेन गैस सर्विस एक बार फिर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर गैस सिलेंडरों की कथित अवैध रिफिलिंग का नया वीडियो वायरल होने के बाद आपूर्ति विभाग और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेहदरिया गांव स्थित गैस गोदाम को सील कर दिया। बुधवार को कई घंटे चली जांच के दौरान अधिकारियों को स्टॉक और उपलब्ध गैस सिलेंडरों की संख्या में भारी अंतर मिला। प्राथमिक जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है, जिसके बाद संबंधित एजेंसी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Oplus_131072

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगल कौड़िया विकासखंड के मेहदरिया गांव स्थित मानीराम इंडेन गैस सर्विस का एक नया वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में एक वाहन, जिस पर “मानीराम इंडेन सर्विस” लिखा दिखाई दे रहा है, उसके पास काले रंग की टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति गैस सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस भरता नजर आ रहा है। वीडियो में गैस निकलने की तेज आवाज भी स्पष्ट रूप से सुनाई दे रही है, जिससे अवैध रिफिलिंग की आशंका और गहरा गई।

यह पहला मौका नहीं है जब इस एजेंसी का नाम विवादों में आया हो। इससे पहले 19 जून को भी इसी प्रकार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस समय 20 जून को आपूर्ति विभाग और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। जांच के दौरान कई बिंदुओं पर जानकारी जुटाई गई थी और मामले की रिपोर्ट तैयार की गई थी।

हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहली जांच के बाद भी कथित अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी। अब एक बार फिर नया वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोबारा बड़ी कार्रवाई की है।

बुधवार सुबह करीब 10 बजे आपूर्ति विभाग और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की संयुक्त टीम मेहदरिया गांव स्थित मानीराम इंडेन गैस सर्विस के गोदाम पर पहुंची। टीम ने गोदाम के अंदर रखे गैस सिलेंडरों, स्टॉक रजिस्टर, अभिलेखों और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। जांच का यह अभियान लगभग डेढ़ बजे तक चला।

जांच के दौरान अधिकारियों ने गोदाम में मौजूद गैस सिलेंडरों की भौतिक गणना की और उसका मिलान उपलब्ध अभिलेखों से किया। प्रारंभिक जांच में स्टॉक रजिस्टर के अनुसार दर्ज गैस सिलेंडरों की संख्या और मौके पर उपलब्ध सिलेंडरों की संख्या में बड़ा अंतर पाया गया। इस पर अधिकारियों ने विस्तृत जांच शुरू कर दी।

जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने एहतियातन मानीराम इंडेन गैस सर्विस के गोदाम को सील कर दिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान मौजूद अधिकारियों ने मीडिया के सामने कार्रवाई की प्रकृति या संभावित धाराओं के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी देने से परहेज किया। उनका कहना था कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है और अंतिम रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

संयुक्त जांच टीम में आपूर्ति निरीक्षक कैंपियरगंज, आपूर्ति निरीक्षक बांसगांव तथा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के असिस्टेंट मैनेजर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने गोदाम का निरीक्षण करने के साथ-साथ संबंधित अभिलेखों और स्टॉक का मिलान किया तथा आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए।

अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन या अवैध रिफिलिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

लगातार दूसरी बार गैस सिलेंडरों की कथित अवैध रिफिलिंग का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में एलपीजी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे मामलों में छोटी-सी चूक भी जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!