गोरखपुर/ उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) से मुलाकात कर विस्तृत वार्ता की। विकास भवन स्थित जिला पंचायती राज कार्यालय में हुई इस द्विपक्षीय बैठक में संघ के पदाधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

संघ के जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस वार्ता में जिला पंचायती राज अधिकारी शौम्य शील ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी। बैठक के दौरान डीपीआरओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने पाए।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को कई प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए लंबे समय से मांग उठाई जा रही थी। इसी क्रम में विकास भवन में जिला पंचायती राज अधिकारी के साथ वार्ता कर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया गया।
बैठक के दौरान डीपीआरओ द्वारा सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित बाबू को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी मामलों की समीक्षा कर नियमानुसार जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण होगा।
संघ के जिला अध्यक्ष रमेश कुमार भारती ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी पंचायत व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में स्वच्छता बनाए रखने, संक्रामक बीमारियों की रोकथाम तथा स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने में सफाई कर्मचारियों की अहम भूमिका है। इसलिए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।
बैठक में संघ के जिला मंत्री शम्भू नाथ गौड़, जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, जिला संगठन मंत्री राम दुलारे यादव, जिला संप्रेक्षक उमेश सिंह, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष राजू प्रसाद, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष रामसूरत यादव, जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला उपाध्यक्ष बलराम गौतम, पिपरौली ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, सहजनवा ब्लॉक अध्यक्ष उपेन्द्र कुमार, खोराबार ब्लॉक अध्यक्ष जय गोविन्द गौड़, जिला संयुक्त मंत्री राकेश कुमार खन्ना, जिला उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, अरुण कुमार कनौजिया, धनवंतरी बौद्ध, परमेश्वर पासी, रमापति, तबरेज आलम, आर.के., संजय कुमार सहित ब्लॉक एवं जिला संगठन के अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। संगठन ने जिला पंचायती राज अधिकारी द्वारा दिए गए आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करेगा।
