सावन के पहले सोमवार पर पितेश्वर नाथ मंदिर में डाक विभाग ने वितरित किया गंगाजल, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

गोरखपुर/ सावन माह के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर गोरखपुर जनपद के भरोहिया स्थित प्रसिद्ध पितेश्वर नाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग की ओर से मंदिर परिसर में पवित्र गंगाजल वितरण का विशेष आयोजन किया गया, जिसकी श्रद्धालुओं ने मुक्तकंठ से सराहना की।

डाक विभाग के ब्रांच पोस्ट मास्टर केशव यादव एवं डाक सर्वेक्षक वेद प्रकाश ने श्रद्धालुओं को गंगाजल उपलब्ध कराया। सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं ने डाक विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, समाज में शांति तथा देश की खुशहाली की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की।

सावन माह में भगवान शिव को गंगाजल अर्पित करने का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि सावन में गंगाजल से जलाभिषेक करने पर भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी परंपरा को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगाजल उपलब्ध कराने की सेवा संचालित करता है।

मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि डाक विभाग की इस पहल से उन्हें आसानी से प्रमाणित एवं पवित्र गंगाजल प्राप्त हुआ, जिससे जलाभिषेक करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हुई। उन्होंने इस जनहितकारी सेवा के लिए डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार भी व्यक्त किया।

सावन के पहले सोमवार पर पितेश्वर नाथ मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। मंदिर प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के समुचित इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन और पूजा-अर्चना की। पूरे दिन मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंजता रहा, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!