गोरखपुर के पीपीगंज में 8.50 लाख रुपये और 25 ग्राम सोना रंगदारी में वसूलने का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर/ पीपीगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रंगदारी व धमकी देकर लाखों रुपये और सोना वसूलने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 8 लाख 50 हजार रुपये नकद तथा लगभग 25.240 ग्राम पीली धातु (सोने का टुकड़ा) बरामद किया है। मामले में पुलिस साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कर रही है और विवेचना जारी है।

Oplus_131072

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेन्द्र वर्मा (32 वर्ष), सचिन वर्मा (31 वर्ष) तथा राज निषाद (24 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर-10, कस्बा पीपीगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। तीनों को बुधवार सुबह लगभग 8:40 बजे वार्ड नंबर-10 क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार वादी महेश श्रीरंग जाधव, जो मूल रूप से महाराष्ट्र के सतारा जिले के निवासी हैं और पिछले 11 वर्षों से पीपीगंज में सोना गलाने का कार्य करते हैं, ने दर्ज कराई गई तहरीर में बताया कि 4 अगस्त 2026 की सुबह जितेन्द्र वर्मा उन्हें अपने साथ भगवानपुर स्थित दुकान पर ले गया, जहां पहले से सचिन वर्मा और राज निषाद मौजूद थे।

वादी का आरोप है कि तीनों ने उनसे कहा कि एक पुराने सोना चोरी के मामले में उनका नाम सामने आया है और यदि उन्होंने एक घंटे के भीतर 15 लाख रुपये नहीं दिए तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवा दिया जाएगा। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत के अनुसार धमकियों से भयभीत होकर पीड़ित ने अपनी दुकान में रखे 3.50 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी और लेडीज रिंग गलाकर तैयार किया गया करीब 25 ग्राम सोना, परिजनों एवं परिचितों से मंगाए गए रुपये सहित कुल 8.50 लाख रुपये नकद और लगभग 2.60 लाख रुपये मूल्य का सोना आरोपियों को दे दिया। पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है तथा धमकी से जुड़ी रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है।

पुलिस ने मुकदमा संख्या 287/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(5), 317(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8.50 लाख रुपये नकद और 25.240 ग्राम पीली धातु का टुकड़ा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्यवाही जारी है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आदित्य सिंह तथा कांस्टेबल सत्येन्द्र, सत्येन्द्र कुमार, सोनू, अभिषेक कुमार यादव, अभिषेक यादव और अजय कुमार सहित थाना पीपीगंज की पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!