गोरखपुर/ पीपीगंज क्षेत्र में गोरखपुर सोनौली राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर रायपुर के पास बुधवार शाम करीब छह बजे सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से गोरखपुर की ओर जा रहे थे, तभी चार पहिया वाहन की टक्कर से हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल युवकों की पहचान जीवन पुत्र चंद्रेश (25 वर्ष), निवासी सोनबरसा, थाना चिलुआताल, गोरखपुर तथा संदीप पुत्र श्याम (26 वर्ष), निवासी दुधारा, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी जंगल कौड़ियां भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के दौरान क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज अनुराग सिंह भी मौके से गुजर रहे थे। बताया गया कि सीओ कैंपियरगंज निरीक्षण के बाद जिला मुख्यालय गोरखपुर लौट रहे थे। उन्होंने तत्काल घायलों की मदद करते हुए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाने में सहयोग किया।
वहीं, मोटरसाइकिल में टक्कर मारने के बाद चार पहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से वाहन की पहचान कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने चार पहिया वाहन और उसके चालक को कब्जे में लेकर पीपीगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ ही वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
