गोरखपुर/ कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने और समय रहते संदिग्ध लक्षणों की पहचान कर उचित चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पीपीगंज के परिसर में नि:शुल्क कैंसर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर अस्पताल एवं शोध संस्थान, गीता वाटिका, गोरखपुर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गोरखपुर के सहयोग से किया।

सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक चले शिविर में कुल 139 मरीजों की प्राथमिक जांच की गई। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नरेंद्र बिरबिया एवं सहायक चिकित्सक डॉ. तरुण कांति राजन ने मरीजों की कैंसर संबंधी समस्याओं और संभावित लक्षणों की जांच की। जरूरत के अनुसार मरीजों को उचित परामर्श देने के साथ नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में मरीजों और उनके परिजनों को कैंसर के विभिन्न प्रकार, शुरुआती लक्षण, बचाव, जांच और उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही कैंसर से संबंधित पत्रक एवं विवरण पुस्तिकाओं का वितरण कर लोगों को जागरूक किया गया।
कैंसर जागरूकता अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और शिविर में आए लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. तरुण कांति राजन ने महिलाओं में स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए नियमित चिकित्सकीय जांच और उपयुक्त स्क्रीनिंग महत्वपूर्ण है। महिलाओं को स्तन में किसी असामान्य गांठ, बदलाव या लगातार रहने वाले लक्षण की स्थिति में चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
उन्होंने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन और चिकित्सकीय सलाह के महत्व की जानकारी भी दी। उन्होंने लोगों से अपनी उम्र और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य सेवा प्रदाता से सलाह लेने की अपील की।
शिविर प्रबंधक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि नि:शुल्क कैंसर स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बीमारी की समय रहते पहचान में मदद करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर लोगों को कैंसर के लक्षणों, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रिंस विश्वास, डॉ. तरुण कांति राजन, अजय श्रीवास्तव, जया त्रिपाठी, रेनू चौहान, सत्यवती तिवारी, मंतोष बारी, बृजेश पाण्डेय, नारद मुनि सहित स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का सहयोग सराहनीय रहा।
