उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जनपद के सहजनवां थाना क्षेत्र के भक्सा पेट्रोल पंप के सामने बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले जंगल कौड़िया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत पीपीगंज के वार्ड 15 निवासी धीरेंद्र यादव उम्र लगभग 32 वर्ष और वार्ड 16 निवासी प्रदीप उम्र लगभग 28 वर्ष किसी काम से बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान भक्सा पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को एंबुलेंस से जंगल कौड़िया सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और हादसा संभावित जगहों पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है।
