गोरखपुर/नगर पंचायत पीपीगंज लगातार हो रही बारिश के कारण पीपीगंज नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है। अस्पताल परिसर में पानी भर जाने से मरीजों, उनके तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के चलते अस्पताल पहुंचने वाले लोगों में दुर्घटना और संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
अस्पताल परिसर के कई हिस्सों में पानी जमा होने के कारण मरीजों को पानी के बीच से होकर अस्पताल तक पहुंचना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग मरीजों पर पड़ रहा है। फिसलन और गंदे पानी के कारण मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
इलाज कराने पहुंचे अंजनी, शमीमा खातून, सुनीता साहनी और अशोक कुमार ने बताया कि जलभराव के कारण अस्पताल तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द पानी निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की ताकि मरीजों को राहत मिल सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अस्पताल परिसर में समुचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है। उनका आरोप है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
हालांकि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं, लेकिन परिसर में भरे पानी के कारण मरीजों और कर्मचारियों को रोजाना असुविधा झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी कराने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी स्थिति से बचाव के लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की है।
