उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर जिले के कैंट थाना क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज वैवाहिक ठगी का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। इटावा निवासी एक युवक ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर न सिर्फ शादी रचाई, बल्कि लड़की के परिवार से करीब 30 लाख रुपये की ठगी भी कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम इटावा भेज दी है।
आरोपी प्रीतम कुमार निषाद, इकदिल थाना क्षेत्र के लुधियात मोहल्ले का निवासी है। उसने खुद को मनिकपुर में तैनात एसडीएम या आईएएस अधिकारी बताकर लड़की के परिवार का विश्वास जीत लिया। आरोपी ने “निषाद विवाह ग्रुप” के माध्यम से अपना बायोडाटा भेजा, जिसमें फर्जी इंटरव्यू, सरकारी दफ्तर की तस्वीरें और नेताओं के साथ फोटो शामिल थे।
इन सबूतों को देखकर लड़की का परिवार पूरी तरह भरोसे में आ गया और शादी तय कर दी गई। आरोपी ने पहले दहेज न लेने का दावा किया, लेकिन सगाई से पहले ही लाखों रुपये की मांग रख दी।
परिवार ने सामाजिक प्रतिष्ठा और रिश्ते की मजबूती को देखते हुए शादी में करीब 30 लाख रुपये खर्च किए, जिसमें 15 लाख रुपये नकद दहेज के रूप में दिए गए। शादी 11 मार्च 2026 को गोरखपुर के नंदा नगर स्थित एक लॉन में धूमधाम से संपन्न हुई।
प्रीतम शेरवानी पहनकर बारात में शामिल हुआ और पूरी रस्मों के साथ सात फेरे लिए। बारात में करीब 20-30 लोग शामिल थे, जो इटावा से दो कारों में आए थे। इनमें आरोपी के पिता, बहन, जीजा और अन्य परिजन भी मौजूद थे।
आरोपी ने अपनी साजिश को मजबूत बनाने के लिए निषाद समाज के कई प्रभावशाली नेताओं, एक कैबिनेट मंत्री और सांसद तक को शादी का निमंत्रण दिया था। कई स्थानीय नेता भी समारोह में पहुंचे और दूल्हे से मुलाकात की। हालांकि, कुछ नेताओं को शुरुआत में ही शक हुआ और उन्होंने लड़की पक्ष को सावधान भी किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
शादी के अगले ही दिन, यानी 12 मार्च को लड़की के परिवार को आरोपी की असलियत का पता चला। जब शक गहराया तो परिजन तुरंत इटावा पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि उनकी बेटी को एक जर्जर कमरे में रखा गया था, जहां बुनियादी सुविधाएं तक मौजूद नहीं थीं।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे गोवा ले जाकर बेचने की योजना बना रहा था। इसके अलावा उसके साथ छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के आरोप भी सामने आए हैं। यह सुनकर परिवार के होश उड़ गए और वे तुरंत बेटी को वापस गोरखपुर ले आए।
पीड़िता के पिता, जो गंभीर रूप से बीमार और बिस्तर पर हैं, ने आरोप लगाया कि प्रीतम पहले भी कई लड़कियों को अपना शिकार बना चुका है। उनका दावा है कि आरोपी अब तक 25 से ज्यादा शादियां कर चुका है और हर बार इसी तरह ठगी करता है।
पुलिस जांच में भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से इटावा में कई मामले दर्ज हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि यह एक संगठित गिरोह हो सकता है, जो वैवाहिक ठगी के जरिए लोगों को निशाना बनाता है।
कैंट थाना पुलिस ने आरोपी प्रीतम निषाद, उसकी बहन, जीजा और अन्य परिजनों के खिलाफ धोखाधड़ी, ठगी, छेड़छाड़ और मानव तस्करी जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस की एक विशेष टीम रविवार को इटावा के लिए रवाना हो चुकी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है, लेकिन पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
