पति ने सिपाही पत्नी और मासूम बेटे को कार में जिंदा जलाया, इंश्योरेंस के पैसे के लिए रची खौफनाक साजिश

उत्तर प्रदेश/ रामपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने कथित तौर पर अपनी ही सिपाही पत्नी और मासूम बेटे की हत्या कर दी। इस वारदात के पीछे की वजह इंश्योरेंस और मुआवजे की रकम बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आए खुलासों ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

Oplus_131072

जानकारी के मुताबिक, मिलक थाना क्षेत्र के बेहटरा गांव निवासी दान सिंह ने वर्ष 2022 में यूपी पुलिस में तैनात सिपाही लता से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों का एक बेटा हुआ, जिसे परिवार में प्यार से “लड्डू” कहा जाता था। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह रिश्ता इतनी भयावह घटना में बदल जाएगा।

बताया जा रहा है कि दान सिंह ने अपनी पत्नी लता, बेटे और अपने भाई रवि के साथ नैनीताल घूमने का प्लान बनाया। यात्रा के दौरान अचानक कार में आग लगने की खबर सामने आई, जिसमें लता और उसके बेटे की मौत हो गई। उस समय इस घटना को एक हादसा मान लिया गया और परिवार की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।

हालांकि, पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। रिपोर्ट में लता के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे पुलिस को शक हुआ कि यह महज हादसा नहीं बल्कि एक सुनियोजित साजिश हो सकती है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दान सिंह और उसके भाई रवि की कॉल डिटेल्स खंगाली। इसके बाद दोनों से अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दान सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पुलिस के अनुसार, दान सिंह ने अपने भाई और तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात की योजना बनाई थी। उसने बताया कि इंश्योरेंस और मुआवजे की रकम हासिल करने के लिए उसने पहले अपनी पत्नी और बेटे को नशीला पदार्थ दिया। इसके बाद कार में आग लगा दी, जिससे बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, पत्नी लता उस समय जीवित थी, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस खुलासे ने पुलिस और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

इस जघन्य वारदात के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने आरोपी पति, उसके भाई और अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!