हरियाणा/ गुरुग्राम के फरुखनगर स्थित वर्ल्ड कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में आयोजित मेगा जॉब फेयर-2026 युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मंच साबित हुआ। इस भव्य जॉब फेयर में देश की 116 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और हजारों युवाओं को नौकरी पाने का सुनहरा अवसर मिला। कार्यक्रम में करीब 4000 युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिनमें से 3200 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों ने नौकरी के लिए शॉर्टलिस्ट किया। इस उपलब्धि से युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कॉलेज परिसर में आयोजित इस रोजगार मेले में छात्रों और युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर अपने करियर को लेकर जानकारी हासिल की। जॉब फेयर के दौरान युवाओं में काफी उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

वर्ल्ड कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के रजिस्ट्रार युद्धवीर सिंह लांबा ने बताया कि संस्थान हमेशा से छात्रों को बेहतर शिक्षा के साथ रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहा है। उन्होंने कहा कि मेगा जॉब फेयर-2026 में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लगभग 4000 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 3200 उम्मीदवारों को कंपनियों ने शॉर्टलिस्ट किया। आने वाले दिनों में चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे।
इस मेगा जॉब फेयर में कई नामी मल्टीनेशनल और राष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लिया। इनमें एक्सिस बैंक, पेटीएम, सुब्रोस, मैचबेस्ट सॉफ्टवेयर प्राइवेट लिमिटेड, आउटवर्क्स हायर फॉर डेलॉइट, जस्ट डायल, एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस, बजाज कैपिटल, मैकडॉनल्ड्स, केएफसी, योकोहामा, कपारो ऑटोमोबाइल कंपनी, टीमलीज हायर फॉर कॉग्निजेंट और रिनोविजन हायर फॉर केपीएमजी जैसी बड़ी कंपनियां शामिल रहीं। इन कंपनियों ने विभिन्न क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों का चयन किया।
रोजगार मेले में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, सोनीपत, चंडीगढ़, पंजाब, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से छात्र और युवा पहुंचे। इससे यह साफ नजर आया कि वर्ल्ड कॉलेज द्वारा आयोजित यह जॉब फेयर राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं के बीच लोकप्रिय हो चुका है। बड़ी संख्या में बाहरी राज्यों से पहुंचे उम्मीदवारों ने भी आयोजन की सराहना की।
मेगा जॉब फेयर-2026 में टेक्निकल और नॉन-टेक्निकल दोनों क्षेत्रों के छात्रों को अवसर मिला। कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, फाइनेंस, रियल एस्टेट, एचआर और बैंकिंग सेक्टर में कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया चलाई। बीटेक (सभी ब्रांच), बीसीए, बीबीए, एमटेक, एमसीए, एमबीए और पॉलिटेक्निक के छात्रों को इंटरव्यू देकर चयनित होने का अवसर मिला।
वर्ल्ड कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के मैनेजिंग ट्रस्टी कुंवर निशांत सिंह ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उन्हें बेहतरीन करियर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कॉलेज हर वर्ष इस तरह के मेगा जॉब फेयर का आयोजन करता है, जिससे बड़ी संख्या में छात्रों को रोजगार मिल चुका है। हमारा प्रयास रहता है कि यहां से पढ़कर निकलने वाले प्रत्येक छात्र को अच्छे पैकेज पर प्रतिष्ठित कंपनियों में प्लेसमेंट मिले।
उन्होंने मेगा जॉब फेयर-2026 के सफल आयोजन के लिए श्रद्धा चौरसिया, असिस्टेंट डायरेक्टर ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, तथा उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज की प्लेसमेंट टीम लगातार उद्योग जगत से संपर्क बनाकर छात्रों के लिए नए अवसर तैयार करती है।
