गोरखपुर के संजय राय पहलवान और प्रतीक पाण्डेय बने उत्तर प्रदेश डाक खेल नियंत्रण बोर्ड के सदस्य

गोरखपुर/ उत्तर प्रदेश परिमंडल में डाक विभाग की खेल गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से डाक खेल नियंत्रण बोर्ड का गठन किया गया है। इस बोर्ड का मुख्य उद्देश्य विभागीय कर्मचारियों के बीच छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें निखारना और खेल भावना को बढ़ावा देना है। चीफ पोस्ट मास्टर जनरल की अध्यक्षता में गठित इस कमेटी में गोरखपुर से रेलवे स्टेशन उपडाकघर के पोस्टमास्टर संजय कुमार राय (पहलवान) और जनसंपर्क अधिकारी प्रतीक पाण्डेय को सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र में खुशी की लहर है।

बोर्ड के माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और सुदृढ़ बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की डाक खेल प्रतियोगिताओं का सफल संचालन भी सुनिश्चित किया जाएगा।इस पहल से न केवल कर्मचारियों में अनुशासन, स्वास्थ्य और टीम वर्क की भावना विकसित होगी, बल्कि विभाग की कार्य-संस्कृति में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने विश्वास जताया कि बोर्ड के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डाक विभाग का नाम रोशन करेंगे। चीफ पोस्ट मास्टर जनरल गोरखपुर प्रणव कुमार ने बताया “खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन और ऊर्जा का स्रोत हैं।” इसी भावना के साथ यह बोर्ड विभाग की खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!