गोरखपुर/ पीपीगंज क्षेत्र में एक इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली 19 वर्षीय छात्रा के रहस्यमय परिस्थितियों में घर से गायब होने का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता ने क्षेत्र के ही एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। छात्रा नगर पंचायत स्थित एक इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। परिजनों के मुताबिक, बीते दो दिन पूर्व वह अचानक घर से गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी जब छात्रा का कोई पता नहीं चला तो परिवार ने पुलिस की शरण ली।
छात्रा के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि क्षेत्र के एक युवक द्वारा उनकी बेटी को लगातार परेशान किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि 12 मई को वह अपने परिवार के साथ युवक के घर समझाने-बुझाने गए थे और कहा था कि उनकी बेटी को परेशान न किया जाए। इसके बावजूद युवक नहीं माना और उनकी बेटी को अपने साथ कहीं लेकर चला गया।
पीड़ित पिता का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन बेटी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पीपीगंज पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल लोकेशन और अन्य पहलुओं के आधार पर छात्रा की तलाश में जुटी हुई है।
इस संबंध में ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि छात्रा की जल्द बरामदगी के लिए टीम सक्रिय कर दी गई है। वहीं परिजन बेटी की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है।
