गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर बड़ा हादसा टला, ट्रेन से टकराई बाइक, RPF ने दर्ज किया मुकदमा

गोरखपुर-नौतनवा रेल खंड के कैंपियरगंज-पीपीगंज के बीच शुक्रवार शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। रेलवे ट्रैक पर खड़ी एक मोटरसाइकिल से ट्रेन टकरा गई, जिससे रेल संचालन प्रभावित हुआ और कई ट्रेनों को विलंब का सामना करना पड़ा। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को शाम लगभग 6:15 बजे रेलवे कंट्रोल से सूचना प्राप्त हुई कि कैंपियरगंज और पीपीगंज रेलवे स्टेशन के मध्य किलोमीटर संख्या 24/12-11 के पास गाड़ी संख्या 15106 एक मोटरसाइकिल से टकरा गई है। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट नकहा जंगल के उप निरीक्षक शिव शरण प्रसाद तथा सहायक उप निरीक्षक उदयराज गौड़ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के समय ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर संचालित हो रही थी। मौके पर मौजूद जेई/पी-वे कमलेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रेन के लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को ट्रेन में लोड कर अपने साथ ले गए थे। बाद में मुख्य लोको निरीक्षक गोरखपुर आरिफ जमाल अंसारी के साथ संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक के स्लीपरों पर किलोमीटर संख्या 24/12 से 24/09 तक रगड़ के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि मोटरसाइकिल ट्रेन से टकराने के बाद कुछ दूरी तक घिसटती रही। घटना में मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बरामद वाहन की पहचान हीरो स्प्लेंडर प्लस (UP53 EM 7388) के रूप में हुई है, जो काले रंग की थी।

सूत्रों के मुताबिक बाइक चालक ने रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार करने का प्रयास किया था। इसी दौरान सामने से ट्रेन आती दिखाई दी। ट्रेन को नजदीक आता देखकर चालक अपनी जान बचाने के लिए मोटरसाइकिल ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गया। इसके चलते ट्रेन बाइक से टकरा गई और एक गंभीर दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि चालक के समय रहते हट जाने और ट्रेन के नियंत्रण में रहने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।

इस घटना का असर रेल संचालन पर भी पड़ा। गाड़ी संख्या 15106 लगभग 51 मिनट तक विलंबित रही, जबकि गाड़ी संख्या 75115 को करीब 20 मिनट तक पीपीगंज रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा और रेल यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।

आरपीएफ अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ “रेल अधिनियम की धारा 153, 174 एवं 147” के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत रेलवे क्रॉसिंग का ही उपयोग करें तथा रेलवे ट्रैक पार करने जैसे खतरनाक और गैरकानूनी कार्यों से बचें।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। समय रहते कार्रवाई होने से इस बार एक बड़ा रेल हादसा टल गया, लेकिन यह घटना रेलवे सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को फिर से उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!