उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर चलती ट्रेन के इंजन पर पथराव करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना 31 मई 2026 की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 75107 के लोको पायलट द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर आरपीएफ नकहा जंगल ने जांच शुरू की। मामले की जांच के दौरान प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल कुमार (25 वर्ष), पुत्र सुरेश कुमार, निवासी ग्राम कुड़ियां, थाना उस्का बाजार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल कुमार ने बताया कि वह कुड़ियां से मदरहना की ओर रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान उस्का बाजार की दिशा से गाड़ी संख्या 75107 आ गई। आरोपी का आरोप है कि ट्रेन के चालक द्वारा हॉर्न नहीं बजाया गया, जिससे वह नाराज हो गया और उसने इंजन की ओर पत्थर फेंक दिया। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने इस कृत्य को अत्यंत गंभीर और यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।
रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों का कहना है कि चलती ट्रेन पर पथराव करना एक दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की घटनाओं से न केवल रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचता है बल्कि यात्रियों, लोको पायलट और रेलवे कर्मचारियों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। रेलवे प्रशासन लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है कि रेलवे ट्रैक और ट्रेनों के आसपास किसी भी प्रकार की लापरवाही या असामाजिक गतिविधि से बचें।
गिरफ्तारी के बाद आरपीएफ ने आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जीआरपी आनंद नगर के सुपुर्द कर दिया। जीआरपी द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक उदय प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल मृत्युंजय कुमार सिंह तथा हेड कांस्टेबल हरि प्रकाश राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेलवे सुरक्षा बल ने आम जनता से अपील की है कि रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
