गोरखपुर के राप्ती नदी में रील बनाना पड़ा भारी, नदी में दो युवकों की डूबने से मौत, घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद शव बरामद

उत्तर प्रदेश/ गोरखपुर में सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का जुनून एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र स्थित करतहरी घाट पर शनिवार को राप्ती नदी में नहाते समय रील बना रहे सात युवकों में से दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त सूचना के अनुसार, ग्राम करतहरी के पास राप्ती नदी में सात युवक नहाने के लिए पहुंचे थे। सभी युवक मोबाइल फोन से रील बनाते हुए नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अधिक गहराई के होने के कारण दोनों युवकों को नहीं बचाया जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही पीपीगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद शिवम कुमार पुत्र संजीव कुमार, उम्र लगभग 20 वर्ष निवासी ग्राम जगदीशपुर गाही, थाना सहजनवा का शव बरामद कर लिया गया।

वहीं दूसरे युवक गोलू कुमार पुत्र रामदीन, उम्र लगभग 19 वर्ष, निवासी ग्राम जगदीशपुर गाही की तलाश के लिए एसडीआरएफ के टीम को बुलाया गया। कई घंटों तक चले संयुक्त सर्च ऑपरेशन के बाद दूसरे युवक का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया।

इस दौरान पीपीगंज पुलिस, सहजनवां पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित टीमों को आवश्यक निर्देश दिए।

दोनों युवकों के शव मिलने की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस संबंध में योगेंद्र सिंह क्षेत्राधिकारी गीडा ने बताया कि नदी में डूबे हुए दोनों युवकों के शव को बरामद कर लिया गया। दोनों युवकों की पहचान सहजनवां थाना क्षेत्र के जगदीशपुर के रूप में हुई है। और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!